अंबेडकरनगर। राफेल घोटाले का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के पास धरना दिया। कहा गया कि रक्षा सौदों में इस प्रकार का घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों को जेल के पीछे भेजा जाए।
अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने व एक साफ सुथरी सरकार देने का वायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ चढ़कर किया था। चुनाव के दौरान यह भी कहा था कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को जेल भेजा जाएगा। चार वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को जेल भेजने की बात दूर, अरबों रुपये का घोटाला कर तमाम लोग विदेश भाग गए।
कहा कि प्रधानमंत्री की जानकारी में रक्षा सौदे का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला राफेल का है। केंद्र सरकार द्वारा इसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है। राफेल जैसा घोटाला देश के लिए अत्यंत हानिकारक है। वक्ताओं ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। कहा गया कि प्रधानमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
चेतावनी दी गई कि राफेल जैसे घोटाले में यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आम आदमी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर धरना प्रदर्शन करेंगे। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया। इस दौरान कासिम अब्बास, सुशील, सौरभ, धनेश, मो. कामिल, परचम अब्बास, दिलीप, जियाराम, डा. सचींद्र आदि मौजूद रहे।