फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सशस्त्र बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की दो घटनाओं को दिया अंजाम

विज्ञापन
विज्ञापन
हंसवर/जलालपुर (अंबेडकरनगर)। सशस्त्र बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाड़े दुस्साहसिक ढंग से दो स्थानों पर लूट की घटना को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। दोनों घटनाओं में बदमाश पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए फरार होने में सफल रहे। एक घटना में हंसवर थाना क्षेत्र के बरही एदिलपुर गांव स्थित जनसेवा केंद्र से बदमाशों ने 70 हजार रुपये, तो दूसरी घटना में जैतपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत शिवपाल गांव के निकट स्कूल वाहन चालक से 7 हजार रुपये लूट लिए। बाद में पीड़ितों की तहरीर पर संबंधित पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन

हंसवर प्रतिनिधि के अनुसार बरही एदिलपुर में लंबे समय से एक जनसेवा केंद्र संचालित है। यह केंद्र बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक भूलेपुर से संबंधित है। इसका संचालन हंसवर थाना अंतर्गत नरकटा बैरागीपुर निवासी शंभूप्रसाद पुत्र रामजस करता है। प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी शंभूप्रसाद केंद्र पर बैठा हुआ था। बताया जाता है कि अपराह्न 2 बजकर 20 मिनट पर एक बाइक पर सवार तीन बदमाश जनसेवा केंद्र के सामने पहुंचे। तीनों ने अपना चेहरा गमछा से छिपा रखा था। दो बदमाश बाइक पर ही बैठे थे, जबकि एक बदमाश केंद्र के अंदर चला गया। इससे पहले कि शंभूप्रसाद कुछ समझ पाता, तभी अंदर पहुंचे बदमाश ने उस पर तमंचा तान दिया। कैश बाक्स में रखा 70 हजार रुपये लूट लिया। इसके बाद शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ बाहर आ गया। इसके बाद बाइक पर सवार तीनों बदमाश बसखारी की तरफ भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में एसओ देवीचरण गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एएसपी अशोक राय व सीओ टांडा केके मिश्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही केंद्र संचालक से आवश्यक पूछताछ की। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

स्कूल वाहन चालक से लूट लिए 7 हजार
जलालपुर। जैतपुर थाना अंतर्गत सोहगूपुर निवासी परवेज पुत्र टिल्थू शनिवार अपराह्न छात्र-छात्राओं को शिवपाल गांव छोड़कर वापस विद्यालय जा रहा था। परवेज वसुंधरा पब्लिक स्कूल ढाका मंझरिया के टैंपो का चालक है। प्रतिदिन की तरह ही वह शनिवार अपराह्न छात्र-छात्राओं को शिवपाल छोड़कर वापस लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव से कुछ आगे बढ़ा, तो इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए कुछ आगे जाकर उसे रोक लिया। एक बदमाश ने परवेज पर तमंचा तान दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने उसकी जेब में रखा 7 हजार रुपये लूट लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। पीड़ित ने विद्यालय प्रशासन को जानकारी देने के साथ ही थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि दो हजार रुपये उसका था, जबकि 5 हजार रुपये वाहन की सर्विसिंग के लिए विद्यालय से लिया था। एसओ विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें