अंबेडकरनगर। बीटीसी प्रशिक्षु शिक्षक संघ के तत्वावधान में बीटीसी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। कहा गया कि 65 हजार 500 पद के सापेक्ष अभी भी 27 हजार 713 पर तैनाती नहीं हो सकी है। इस पर अविलंब तैनाती प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। कहा गया कि यदि शीघ्र ही प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई, तो लखनऊ विधान भवन के समक्ष धरना दिया जाएगा।
अध्यक्षता कर रहे सुनील यादव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद के लिए जब 65 हजार 500 पदों पर तैनाती की घोषणा हुई थी, तो बीटीसी प्रशिक्षुओं में खुशी की लहर दौड़ गई थी। उन्हें लगा कि सहायक अध्यापक बनने का उनका सपना पूर्ण होने वाला है, लेकिन समय बीतने के साथ ही उनकी उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा।
कहा कि 37 हजार 787 पद पर तैनाती करने के बाद प्रक्रिया रोक दी गई। ऐसे में अभी भी 27 हजार 713 पद पर तैनाती नहीं हो सकी है। वक्ताओं ने कहा कि शेष पदों पर तैनाती की मंाग कई बार उठाई गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। अब आश्वासन से तो काम चलने वाला नहीं है। कहा कि शेष पदों पर तैनाती न होने से उनके अध्यापक बनने का सपना अधर में लटका हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि बीटीसी प्रशिक्षुओं के हित को देखते न सिर्फ शेष पदों पर अविलंब तैनाती की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, बल्कि जो मानक पूर्व में तय किया गया है, उसी के अनुरूप ही तैनाती की जाए।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही तैनाती प्रक्रिया नहीं शुरू की गई, तो मजबूर होकर विधान भवन के समक्ष धरना दिया जाएगा। इस दौरान सत्येंद्र यादव, मंजूलता, कुसुम, नम्रता पटेल, ऊषा, पूनम, प्रेमलता, बिपिन कुमार आदि मौजूद रहे।