टांडा (अंबेडकरनगर)। विधायक टांडा संजू देवी ने शहरी व ग्रामीण आवास योजना में धांधली की शिकायत नगर विकास मंत्री से की है। उन्होंने कहा है कि पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कर्मचारियों द्वारा अवैध ढंग से वसूली की जा रही है। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की जरूरत है। विधायक ने यह भी कहा कि अवैध वसूली के चलते अनावश्यक स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
बीते दिन नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से मिलीं विधायक संजू देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को शहर व गांवों में पक्का घर देने की जो योजना शुरू की है, उसमें कर्मचारियों द्वारा पात्रों से अवैध वसूली की जा रही है।
टांडा नगर क्षेत्र में सर्वाधिक गड़बड़ी का हवाला देते हुए कहा कि कई कर्मचारी लाभार्थियों के घर पहुंचकर हजारों रुपये वसूल रहे हैं। पैसा न देने पर लाभार्थियों को आवास के लाभ से वंचित करने की धमकी दी जाती है। कर्मचारी पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की कार्य प्रणाली छोड़ नहीं पा रहे हैं।
ऐसे में जरूरत है कि ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में न सिर्फ तेजी आएगी, बल्कि पात्रों को तेजी से लाभ दिलाया जा सकेगा।
उधर, अपर जिलाधिकारी गिरिजेश त्यागी ने बताया कि आवास योजना के सभी लाभार्थियों को स्पष्ट बताया गया है कि यदि आवास का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे कोई अवैध धन उगाही का प्रयास करता है तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। एक भी लिखित शिकायत आयी तो जांच कराकर केस भी दर्ज कराया जाएगा।