अंबेडकरनगर। प्रतिदिन औसतन विभिन्न क्षमता के 14 ट्रांसफार्मर जल गए। सितंबर माह में अकबरपुर, जलालपुर, आलापुर व टांडा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अलग अलग क्षमता के 417 ट्रांसफार्मर फुंक गए। इनके सापेक्ष 200 से अधिक ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदले जा सके हैं। इतना ही नहीं, बीते 20 दिन से अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के स्पेयर फीडर जला पड़ा है। इस फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टाउन फीडर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इससे टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को भी रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। ट्रांसफार्मरों व फीडर के फुंकने से लगभग दो लाख की आबादी को समुचित बिजली नहीं मिल पा रही है।
उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध हो भी तो कैसे? इसे लेकर पावर कॉर्पोरेशन अधिकारी व कर्मचारी तनिक भी गंभीर नहीं हो रहे हैं। लंबे समय से ओवरलोडेड चल रहे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। नतीजा यह है कि एक एक कर ट्रांसफार्मर के फुंकने का सिलसिला जारी है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सितंबर माह में अकबरपुर, जलालपुर, टांडा व आलापुर विद्युत उपकेंद्र के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न क्षमता के 417 ट्रांसफार्मर फुंक गए।
सितंबर में जल गए 417 ट्रांसफार्मर
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े वरिष्ठ लिपिक एके गुप्त ने बताया कि सितंबर माह में कुल 417 ट्रांसफार्मर फुंके। इसमें अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र में कुल 141 ट्रांसफार्मर फुंके हैं। इसमें 10 केवीए के 24, 16 केवीए के 11, 25 केवीए के 74, 63 केवीए के 21, 100 केवीए के 7, 160 केवीए के 2, 250 केवीए के 1, 630 केवीए के 1, टांडा विद्युत उपकेंद्र से विभिन्न क्षेत्रों में 86 ट्रांसफार्मर फुंके, इसमें 10 केवीए के 15, 16 केवीए के 5, 25 केवीए के 45, 63 केवीए के 9, 100 केवीए के 4, 160 केवीए के 1, 250 केवीए के 1, 400 केवीए के 4, 630 केवीए के 3, आलापुर विद्युत उपकेंद्र में 104 ट्रांसफार्मर, जिसमें 10 केवीए के 26, 16 केवीए के 8, 25 केवीए के 40, 63 केवीए के 19, 100 केवीए के 6, 250 केवीए के 1, 400 केवीए के 4 तथा जलालपुर विद्युत उपकेंद्र में 86 ट्रांसफार्मर, जिसमें 10 केवीए के 15, 16 केवीए के 3, 25 केवीए के 4, 63 केवीए के 12, 100 केवीए के 3, 250 केवीए के 2 व 400 केवीए के 1 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इनके सापेक्ष 200 से अधिक ट्रांसफार्मरों को अब तक नहीं बदला जा सका है। इससे लगभग 80 हजार की आबादी को रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है।
20 दिन से फुंका है स्पेयर फीडर
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र में स्थापित स्पेयर फीडर बीते 20 दिन से फुंका पड़ा है। ऐसे में इससे जुड़े जिला मुख्यालय के कुछ क्षेत्रों समेत लगभग 20 गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इन्हें वैकल्पिक व्यवस्था कर टाउन फीडर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। टाउन फीडर पर भार बढ़ने से न तो स्पेयर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं और न ही टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे इन दोनों फीडरों से जुड़े मौहरिया खानपुर, अहरिया, सैदापुर, ककरडिला, सम्मनपुर, मछलीगांव, हजपुरा, नैली, कजपुरा, रसूलपुर, दरगाह शाहरमजान, अमरतल, सिझौली, गदायां, गौहन्ना, लोरपुर, चनवां, बरधाभिउरा, कटरिया सम्मनपुर, सोनगांव, बदलपुर, घटकना, नगवां, किशुनीपुर, मीरपुर शेखपुर आदि क्षेत्रों की लगभग 1 लाख 20 हजार की आबादी को समुचित बिजली नहीं मिल पा रही।
उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
सुचारु बिजली न उपलब्ध होने से नाराज टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं ने सोमवार को अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के समक्ष प्रदर्शन किया। उपभोक्ता अनंतराम, संतराम वर्मा, दिलीप कुमार, संजय विश्वकर्मा, राघवेंद्र सिंह, चंदर वर्मा, संतराम, धर्मेंद्र वर्मा, उमेश कुमार आदि ने कहा कि एक तो रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल रही, उस पर बार बार ट्रिपिंग होती रहती है। कहा कि स्पेयर फीडर को ठीक कराने की बजाए टाउन फीडर से उस फीडर के उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दोनों ही फीडर के उपभोक्ताओं को 10 घंटे की बिजली मिलना भी दूभर हो गया है। बाद में उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को शिकायत संबंधित ज्ञापन सौंपा। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के अंदर आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया, तो सांसद से मुलाकात कर शिकायत की जाएगी।
फीडर ठीक कराने का हो रहा प्रयास
स्पेयर फीडर को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि इसी सप्ताह उसे ठीक करा दिया जाएगा। जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर फुंके थे, उनमें से ज्यादातर को बदल दिया गया है। उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध हो सके, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। -एके यादव, अधिशाषी अभियंता अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र