अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। कहा कि पात्र होने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत आवास का लाभ नहीं मिल सका है। इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुध नहीं ली गई। चेतावनी दी गई कि योजना का लाभ यदि शीघ्र ही नहीं मिला, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे। बाद में शिकायत संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी हाजी मो. अकमल ने कहा कि अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में तमाम ऐसे लोग हैं, जो पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के लाभ से वंचित हैं। कहा कि ऐसे पात्रों ने कई बार आवेदन किया, लेकिन उनका योजना का लाभ दिलाने के लिए चयन नहीं किया गया। इसके चलते उन्हें झोपड़ीनुमा घर में ही रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे वे जीवनयापन कर रहे हैं। उन्हें अन्य योजनाओं का तो लाभ मिल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत आवास का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो पात्र हैं, उनका चयन नहीं किया जा रहा है। पात्रता सूची तैयार करने में लापरवाही बरती जा रही है।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही उनकी मुश्किल का सामना नहीं किया गया, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस दौरान सरोजा, पूनम, रीता, शकुंतला, पियारी देवी, उर्मिला, कैलाशा देवी, मानसी देवी, मायावती, चमेला देवी, मीना, रीना, फूलपती व शीला आदि मौजूद रहीं। बाद में शिकायत संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।