अंबेडकरनगर। उपसंभागीय परिवहन कार्यालय में सोमवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा पखवारे का शुभारंभ हुआ। आलापुर विधायक अनीता कमल ने पखवारे का शुभारंभ करते हुए कर्मचारियों व ट्रांसपोर्टरों से स्वच्छता अपनाने की सलाह दी। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार स्वच्छता को लेकर गंभीर है। ऐसे में सभी को इसकी सफलता के लिए सहयोग करना होगा।
मुख्य अतिथि विधायक अनीता ने ट्रांसपोर्टरों से आह्वान किया कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में पूर्ण योगदान दें। उपसंभागीय परिवहन विभाग कार्यालय के कर्मचारियों को कार्यालय में पान, मसाला, गुटखा, खाकर न आने की सलाह दी। कहा कि कार्यालय के साथ ही परिसर को साफ सुथरा रखें।
एआरटीओ केएन सिंह ने कर्मचारियों को सरकार की मंशा को सफल बनाने का आह्वान किया। कहा कि स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक होने के साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। बाद में सभी कर्मचारियों व ट्रांसपोटरों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।