फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल में पड़ा मिला संदिग्ध दशा में निजी कंपनी के जीएम का शव

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार रात निजी कंपनी के जीएम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लखनऊ जिले के मूल निवासी महाप्रबंधक अपने एक कर्मचारी के साथ होटल में रुके हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही संबंधित कक्ष को सील कर दिया। पुलिस को कमरे से खाली बोतलें भी मिली हैं। इससे आशंका है कि शराब का भी सेवन किया गया था। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे की गहन जांच की। पुलिस के मुताबिक फॉरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।
विज्ञापन

एबी लुब्रिकेंट्स कंपनी के महाप्रबंधक संजीव कुमार सिंह (50) अपने कर्मचारी विनोद कुमार शर्मा के साथ नगर के एक प्रसिद्ध होटल में शुक्रवार रात रुके हुए थे। बगल के ही एक अन्य कक्ष में इसी कंपनी के दो अन्य कर्मचारी भी आ गए। बताया जाता है कि चारों लोगों ने एक साथ खाना खाया। बाद में सभी अपने-अपने कमरे में सो गए। भोर में चार बजे करीब विनोद की नींद खुली तो उसने देखा कि संजीव कुमार बेसुध पड़े हैं। दरअसल संजीव की नाक से खरखराहट की आवाज आती थी, जो उस समय नहीं आ रही थी। विनोद के मुताबिक आवाज न आने से ही उसे आशंका हुई। इस पर विनोद ने इसकी जानकारी तत्काल होटल के कर्मचारियों को दी। होटल प्रबंधन की तरफ से तत्काल एंबुलेंस व पुलिस को मामले की सूचना दी गई। संजीव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिहार प्रांत के पटना मूल निवासी संजीव कुमार सिंह लखनऊ के राजेंद्रनगर इलाके में कंचन बिहारी मार्ग पर रहते थे।
इस बीच अकबरपुर कोतवाली पुलिस भी पहले होटल फिर अस्पताल पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। लखनऊ में रह रहे परिवारीजनों को सूचना देने के साथ ही पुलिस ने होटल के संबंधित कमरे की छानबीन शुरू कर दी। सीओ सिटी धर्मेन्द्र सचान की मौजूदगी में ली गई तलाशी में कमरे से कई खाली बोतल भी बरामद की गई। इससे आशंका जताई जा रही कि शराब का भी सेवन किया गया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही लखनऊ से महाप्रबंधक की पत्नी व अन्य परिवारीजन तथा पटना बिहार से उनके पिता अकबरपुर पहुंच गए। घटना के सिलसिले में परिवारीजनों ने फिलहाल कोई तहरीर नही दी है।
विज्ञापन


बाहर से मंगाया था नींबू व फिटकरी
होटल के कर्मचारियों नेे बताया कि संजीव सिंह ने रात नौ बजे के बाद अपने कमरे में खाना मंगवाया था। वहीं सभी लोगों ने खाना भी खाया। इसी दौरान एक वेटर से बाहर से नींबू व फिटकरी भी मंगवाया। कर्मचारियों के मुताबिक जो वेटर फिटकरी व नींबू लेने गया था। उसने बाद में खाना पहुंचाने के दौरान बताया कि कमरे में शराब की गंध आ रही थी। इससे लग रहा था कि उन लोगों ने शराब का सेवन किया है, जिसके लिए ही फिटकरी मंगाई गई थी।

फॉरेंसिक जांच के लिए सील हुआ कक्ष
होटल के संबंधित कक्ष को शनिवार सुबह फॉरेंसिक जांच के लिए सील कर दिया गया। साक्ष्यों पर कोई असर न पड़े, इसके लिए प्रशासन ने यह निर्णय लिया। बाद में फॉरेंसिक टीम होटल पहुंची और उसने कमरे में गहन जांच अभियान चलाया।

की जा रही जरूरी छानबीन
नगर के एक होटल में रुके एक निजी कंपनी के जीएम की मौत होने की घटना सामने आई है। इसकी गहन छानबीन कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप जरूरी निर्णय लिया जाएगा। -विपिन कुमार मिश्र, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें