फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कागजों पर लग गए 23 लाख पौधे, वास्तविकता कोसों दूर

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने व धरती को हराभरा बनाए रखने के लिए शासन ने 15 अगस्त को महाअभियान चलाकर वृहद पैमाने पर पौधरोपण कराने का निर्देश दिया था। जिले को 23 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। इन्हीं में सेे 11 लाख 50 हजार पौधे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लगाए जाने का निर्देश था। अभी भी कई विभागों के परिसर में पौधे रोपण के इंतजार में पड़े हैं। जिन पौधों का रोपण किया गया, उनकी सुरक्षा व देखरेख की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। जिम्मेदार अधिकारियों ने कागज पर अभियान को सफल भी दिखा दिया।
विज्ञापन

15 अगस्त को अभियान चला लेकिन इसे लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई। कागज पर अभियान को सफल दिखा दिया गया। बीएसए कार्यालय परिसर में लगभग तीन सौ पौधे रोपण के इंतजार में पड़े हुए हैं। माध्यमिक शिक्षा, कृषि तथा स्वास्थ्य समेत ऐसे ही कई अन्य विभाग हैं जिनके द्वारा पौधे लगाए ही नहीं गए लेकिन कागजों पर रोपण दिखा दिया गया।
उधर जिन पौधों का रोपण किया गया, उनकी सुरक्षा व देखरेख की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन एक तरफ जहां ज्यादातर पौधे देखरेख के अभाव में सूख रहे हैं, वहीं वे मवेशियों का निवाला भी बन रहे हैं। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गिरंट में अभियान के तहत लगे लगभग दो सौ पौधों के सापेक्ष मौजूदा समय में मात्र 20-25 पौधे ही सही सलामत हैं। शेष या तो सूख गए या फिर उन्हें जानवर खा गए। इसी प्रकार जलालपुर, टांडा व आलापुर तहसील क्षेत्र में भी तमाम पौधे देखरेख के अभाव में सूख गए।
विज्ञापन


की जाए समुचित देखभाल
भीटी के रामफेर व संतोष कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से ही कुछ होने वाला नहीं है, उसकी समुचित देखभाल किए जाने की भी जरूरत है। जलालपुर के मोहम्मद सलीम व सोनू गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त को महा अभियान चलाकर पौधे तो लगा दिए गए लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। नतीजतन कुछ तो सूख गए, कुछ को जानवर खा गए।

संबंधित विभाग की है जिम्मेदारी
शासन से मिले लक्ष्य के सापेक्ष सभी पौधों का रोपण किया जा चुका है। पौधों की बेहतर देखभाल व उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है। -गंगाप्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें