आलापुर (अंबेडकरनगर)। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से क्षतिग्रस्त रास्ते का निर्माण न कराए जाने से निराश महाविद्यालय प्रशासन ने अब स्वयं आगे आकर मार्ग को बेहतर करने की पहल की है। मामला आलापुर तहसील क्षेत्र के कटघर बाजार का है। शुक्रवार को पंडित रामलखन शुक्ल राजकीय पीजी कॉलेज के छात्रों ने मौके पर पहुंचकर श्रमदान किया, और बाजार से कॉलेज तक लगभग 200 मीटर लंबे मार्ग पर मिट्टी डालने के साथ ही खड़ंजा लगाया।
गौरतलब है कि आलापुर तहसील क्षेत्र में स्थित पं रामलखन शुक्ल राजकीय पीजी कॉलेज को जाने वाला संपर्क मार्ग लगभग 200 मीटर तक बदहाल हो चुका है। कॉलेज प्रबंधन ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों आदि से मार्ग को बेहतर कराए जाने की मांग की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बारिश के इस मौसम में कॉलेज तक पहुंचने में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को हो रही कठिनाई को विद्यालय प्रशासन ने संज्ञान में लिया। निजी खर्च पर ईंट की व्यवस्था की गई। इसके बाद शुक्रवार को महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जेबी सिंह के नेतृत्व में कॉलेज की राष्ट्रीय सेवायोजना इकाई के छात्रों ने मार्ग को बेहतर करने का जिम्मा उठाया। छात्र आनंद कुमार, प्रभुनाथ, सत्यम, विकास यादव, विपिन, विशाल, मनीष शर्मा, आनंद राज, अंतिम तिवारी, विनय, हिमांशु, श्रीराम गिरि, धीरज, सत्यम समेत 25 से अधिक छात्रों ने विशेष योगदान किया। छात्रों ने मार्ग पर मिट्टी डालने के साथ ही लगभग 200 मीटर की दूरी में खड़ंजा बिछाने का काम किया। छात्रों के इस प्रयास की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है। छात्र हितों को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा बरती गई उदासीनता पर लोगों ने नाराजगी भी जताई।