आलापुर (अंबेडकरनगर)। करंट की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। सूचना के बावजूद घंटों बीत जाने के बाद भी न तो पावर कॉर्पोरेशन और न ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच सके। इसके चलते करीब 10 घंटे तक मोर ट्रांसफार्मर से चिपका रहा। बाद में तहसीलदार के निर्देश के बाद हरकत में आए बिजली विभाग के कर्मियों ने सप्लाई बंद कराकर मोर को नीचे उतारा, और अंतिम संस्कार किया।
मामला आलापुर थाना क्षेत्र के सतरही गांव का है। बताया जाता है कि गांव में लगे ट्रांसफार्मर पर सुबह एक मोर अचानक आकर बैठ गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। मामले की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बाद में ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पावर कॉर्पोरेशन व वन विभाग के कर्मचारियों को दी, लेकिन सूचना के बाद भी कोई कर्मी मौके पर नही पहुंच सका। घटना को दस घंटा बीत जाने के बाद तहसीलदार के निर्देश पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर मोर को नीचे उतारा। विभाग की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं सूचना के बाद वन विभाग का कोई कर्मचारी घटना स्थल पर नही पहुंच सका। उधर एसडीओ आनंद मौर्य ने बताया कि मामले की जानकारी होने के बाद कर्मियों को भेजकर मोर को नीचे उतरवाया गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।