अंबेडकरनगर। अकबरपुर ब्लॉक परिसर में मंगलवार को खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें उपस्थित ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों से विकास कार्यों का जायजा लिया गया। साथ ही शौचालय, आवास, पौधरोपण व खड़ंजा निर्माण के अधूरे पड़े कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार ने उपस्थित ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों से एक-एक कर संबंधित क्षेत्र के विकास कार्यों का हाल जाना। साथ ही शौचालय समेत आवास, पौधरोपण, नाली निर्माण व खड़ंजा निर्माण आदि के अधूरे पड़े कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नही की जाएगी।
संबंधित अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के विकास कार्यों पर पूरी तरह से फोकस करें, ताकि सरकार के प्रयासों को गति मिल सके। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि उनके द्वारा कराए जा रहे सभी कार्यों में गुणवत्ता व मानक का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए, ताकि इसका लाभ नागरिकों को लंबे समय तक मिल सके।
यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकती है। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराना होगा। तभी समय रहते कार्यों को पूरा किया जा सकेगा। इस मौके पर एडीओ अजय कुमार, एडीओ बृजेश मिश्र, प्रदीप तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद पांडेय, अतुल सिंह व दिवाकर वर्मा आदि मौजूद रहे।