अंबेडकरनगर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनके आदर्शों एवं व्यक्तित्व को याद कर लोग भावुक हो रहे। उन्हें याद करते हुए कई लोगों ने बताया कि वर्ष 1974 में अटल जी ने तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित किया था। हालांकि एक भी सीट पर जनसंघ के इन प्रत्याशियों को जीत नहीं मिली थी। यह बात अलग है कि अटल जी का निराला अंदाज तब भी जुदा था।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी यादें लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में लोगों को वह दिन भी याद आ रहा, जब जनसंघ नेता के तौर पर अटल बिहारी बाजपेयी जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने जहांगीरगंज में जनसंघ प्रत्याशी डॉ. संतराम, अकबरपुर में रमेशचंद्र तथा टांडा में धर्मराज सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित किया था। चुनाव के बाद नतीजे सामने आए, तो इनमें से किसी भी प्रत्याशी को जीत हासिल नहीं हुई। हालांकि अटल जी के भाषण ने लोगों को मंत्रमुग्ध जरूर किया था। पूर्व विधायक त्रिवेणीराम ने दूरभाष पर कहा कि अटल जी 1974 में जहांगीरगंज के रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उनकी भाषण शैली इतनी सरल व गुदगुदाने वाली थी कि हर कोई उन पर फिदा था। भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रमाशंकर सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए कहा कि 1974 के चुनावों में अटल जी के भाषण की चर्चा मैंने अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत में सुनी थी। इसी से प्रभावित होकर मुझे बाद में अटल जी का आशीर्वाद मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उधर पूर्व प्रधानमंत्री के निधन को लेकर शुक्रवार को जिले में सभी सरकारी कार्यालय व शिक्षण संस्थान बंद रहे।