अंबेडकरनगर। जिले में लगभग 65 करोड़ की लागत से तीन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसका लाभ एक लाख से अधिक की आबादी को सीधे तौर पर मिलेगा। पूर्व में ही घोषित हो चुके इन मार्गों के लिए धन का आवंटन भी पूर्व में केंद्र सरकार ने कर दिया। अब टेंडर आदि की प्रक्रिया अपनाई जा रही, जिसके बाद निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार लगातार जिले में मार्गों की दशा सुदृढ़ करने की दिशा में काम कर रही है। कई प्रमुख मार्गों की घोषणा भी पूर्व में की जा चुकी है। इसी क्रम में बसखारी से जहांगीरगंज तथा जहांगीरगंज से राजेसुल्तानपुर तक के मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कार्ययोजना में शामिल किया गया। सांसद हरिओम पांडेय ने बीते दिनों ही जानकारी देते हुए बताया था कि इन दोनों प्रमुख मार्गों के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। यह भी जानकारी दी थी कि दोस्तपुर से न्यौरी तक जाने वाले मार्ग का निर्माण भी बीच में कराया जाएगा। केंद्र सरकार ने बीते दिनों तीन प्रमुख मार्गों के लिए लगभग 65 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इसके बाद इन सड़कों के निर्माण के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
तीन मार्गों का नए सिरे से निर्माण होने का लाभ क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी को सीधे तौर पर मिलेगा। इसमें बसखारी से जहांगीरगंज तक 15 किलोमीटर की सड़क 18 करोड़ 51 लाख की लागत से तथा जहांगीरगंज से राजेसुल्तानपुर तक की 14 किलोमीटर लंबी सड़क 19 करोड़ 67 लाख की लागत से बनेगी। इसमें सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही सड़क का सुदृढ़ीकरण भी किया जाना है। दोस्तपुर से अकबरपुर होते हुए न्यौरी तक जाने वाले मार्ग में जलालपुर के आगे 13 किलोमीटर लंबी सड़क की बेहतरी 27 करोड़ 16 लाख की लागत से होगी। सांसद हरिओम पाण्डेय ने बताया कि इन तीनों मार्गों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। जल्द ही इन मार्गों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
जल्द ही शुरू होगा निर्माण
तीन प्रमुख मार्गों का निर्माण जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। निविदाएं आमंत्रित करने की जरूरी औपचारिकता पूरी हो रही है। -सुरेश कुमार, डीएम