अंबेडकरनगर। पुलिस ने बुधवार रात अंतर्राज्यीय बुलेट चोर गैंग का भंडाफोड़ कर दो आटो लिफ्टर गिरफ्तार किए हैं। जबकि, तीन मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बुलेट, दो तमंचा और चार कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज कर तीन फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
गत दिनों पुलिस ने अंतर्जनपदीय बुलेट चोर गिरोह का खुलासा किया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तारी कर चोरी की पांच बुलेट बरामद की थी। पकड़े गए आरोपियों ने एक बुलेट चोर के अंतर्राज्यीय गैंग की सुरागकसी की थी। इसी आधार पर बुधवार रात अकबरपुर पुलिस व स्वॉट टीम की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अंतर्राज्यीय बुलेट चोर गैंग का भंडाफोड़ किया। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान अनूप सिंह निवासी कुसुमखोर थाना जैतपुर व दीपचंद्र निवासी हाजीपुर थाना जलालपुर हत्थे चढ़े। बाद में उन्हें कोतवाली लाकर कड़ाई से पूूछताछ की गई तो उन्हें प्रदेश के कई जिलों से बुलेट चोरी की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बुलेट, दो तमंचा और चार कारतूस बरामद किया है।
पुलिस टीम की पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह है। गैंग के अन्य आरोपी हिमांशु प्रताप सिंह निवासी सवरिया, श्रवण सिंह निवासी कबिरहा व अनुराग सिंह निवासी सोहगूपुर थाना जैतपुर फरार हैं। बताया कि सभी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों के मुताबिक वह लोग मिलकर दिल्ली, हरियाणा, कानपुर, लखनऊ आदि जगहों से बुलेट चोरी करते थे।
ये टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में कोतवाली अकबरपुर के एसआई प्रदीप सिंह, एसआई सतनाम सिंह, सिपाही करुणाशंकर मिश्र, त्रिपुरेश सिंह, प्रेमप्रकाश यादव के अलावा स्वॉट टीम प्रभारी अरशद सिद्दीकी, सिपाही अनिमेश सिंह, प्रभात मौर्य, पुनीत गुप्त, विकास ओझा, अमरेश यादव व जितेंद्र गौड़ आदि शामिल रहे।