फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खतरे से 13 सेंटीमीटर पहुंची सरयू, उल्टहवा गांव में पानी घुसने को बेताब

विज्ञापन
विज्ञापन
टांडा/राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। सरयू नदी लगातार उफान पर है। नदी का पानी खतरे के निशान से 13 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे माझा उल्टहवा गांव में पानी प्रवेश करने की संभावना बढ़ गई है। टांडा व आलापुर तहसील के 14 अन्य गांवों के निवासियों की बेचैनी भी बढ़ने लगी है। दरअसल नदी का जलस्तर खतरे से 15 सेंटीमीटर से ऊपर पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलों में बढ़ोत्तरी दर्ज होने लगती है। इसे देखते हुए ही नजदीकी गांव में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ रही है। इस बीच डीएम सुरेश कुमार ने शनिवार को राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
विज्ञापन

सरयू नदी के जलस्तर में पिछले 48 घंटों से बढ़ोत्तरी का दौर शुरू हुआ है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। इससे पहले भी एक बार सरयू नदी का पानी खतरे से ऊपर पहुंचा था, लेकिन इसके बाद वह काफी नीचे हो गया। इससे ग्रामीणों को खासा सुकून मिला था। हालांकि एक बार फिर से नदी का पानी तेजी से चढ़ना शुरू हुआ। गुरुवार देर रात नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। शुक्रवार को नदी का पानी खतरे के निशान से लगभग 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचकर स्थिर हो गया था। इस बीच शनिवार भोर से एक बार फिर जलस्तर में बढ़ोत्तरी शुरू हुई। सुबह पांच बजे नदी का पानी92.85 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 92.73 मीटर से 12 सेंटीमीटर ऊपर था। सुबह सात बजे तक नदी के जलस्तर में 1 सेंटीमीटर की वृद्धि और हो गई। खतरे के निशान से 13 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचकर नदी का पानी स्थिर हो गया। सुबह 8 बजे से नदी के जलस्तर में यही दौर शाम तक बना रहा। शाम 6 बजे हुई माप में भी नदी का पानी इसी स्तर पर बना था।
इस बीच नदी के जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए टांडा तहसील के माझा उल्टहवा गांव तक पानी पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। दरअसल यह गांव नदी की दो धाराओं के बीच में बसा है। गांव निवासी रामफेर ने कहा कि गांव में अभी पानी नही पहुंचा है, लेकिन ऐसे ही पानी बढ़ता रहा तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसडीएम टांडा पंकज सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उधर डीएम सुरेश कुमार ने आलापुर तहसील के बाढ़ प्रभावित गांव अराजी देवारा व माझा कम्हरिया का दौरा किया। गांव में चौपाल लगाकर किसानों की समस्याएं सुनी। डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं होने दी जाएगी। पर्याप्त नाव उपलब्ध हैं। राशन व दवाओं का भी इंतजाम है। इस दौरान एसडीएम आलापुर भरतलाल सरोज, सीओ केके मिश्र, तहसीलदार सुदामा वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


सीडीपीओ व कार्यकर्ता का रोका वेतन
अराजी देवारा में आंगनबाड़ी केंद्रों की खराब स्थिति पाए जाने से नाराज डीएम ने सीडीपीओ जहांगीरगंज व सुपरवाइजर का वेतन रोके जाने तथा दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्री व सहायिका का मानदेय रोके जाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि व्यवस्था में सुधार होने तक वेतन व मानदेय न दिया जाए। राशन में घटतौली व अधिक मूल्य लेने पर डीएम ने कोटेदार को फटकार लगाई और जमानत राशि जब्त करने का निर्देश दिया। गांवों में खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक करने का निर्देश भी डीएम ने दिया। कहा कि कैंप लगाकर ग्रामीणों व पशुओं का इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें