अंबेडकरनगर। एसडीएम सदर के निरीक्षण में बुधवार को संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर में एक चिकित्सक समेत छह अधिकारी अनुपस्थित मिले। इस पर सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया। चेतावनी दी गई कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर में बरती जा रही लापरवाही की शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियों से की जा रही थीं। चिकित्सकों व कर्मचारियों के समय से अस्पताल न पहुंचने तथा समय से पहले ही अस्पताल छोड़ देने के साथ ही साफ सफाई को लेकर बरती जा रही लापरवाही की भी शिकायतें सामने आ रही थीं। लगातार मिल रहीं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने एसडीएम सदर अभिषेक पाठक को अस्पताल का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इस पर बुधवार को एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया। अस्पताल के मुख्य गेट से लेकर भवन के अंदर तक चारों तरफ गंदगी फैली मिली। बेड शीट भी गंदी मिली। कई स्थानों पर सीलन दिखाई दी।
उपस्थिति रजिस्टर के निरीक्षण में पाया कि चिकित्सक डा. इंद्रेश के अलावा कर्मचारी अनिल कुमार चौरसिया, पवन कुमार, शाहिद कमर, जयंत कुमार, हिमांशु पाल व सुनीता सिंह अनुपस्थित मिलीं। इस पर एसडीएम ने सभी से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।