अंबेडकरनगर। जिले के 3 लाख 46 हजार 633 राशनकार्डधारकों के हाथों में शीघ्र ही नए लुक में राशनकार्ड होगा। अब तक ऑनलाइन निकले पर्चे के माध्यम से लोग कोटे से राशन प्राप्त कर रहे थे। इस बीच प्रशासन ने उन्हें राशनकार्ड उपलब्ध कराने के कार्य में तेजी शुरू कर दी है। इसके लिए 01 अगस्त को शहरी क्षेत्र, जबकि 01 सितंबर को ग्रामीण क्षेत्र के राशनकार्डधारकों का डाटा फीडिंग कर सूची शासन को उपलब्ध करा दी जाएगी। अब तक लगभग 86 प्रतिशत डाटा फीडिंग का कार्य हो चुका है। उम्मीद है कि शहरी क्षेत्र के राशनकार्डधारकों को सितंबर, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के कार्डधारकों को अक्तूबर माह के अंत तक नया राशनकार्ड उपलब्ध हो जाएगा।
बताते चलें कि पूर्व में राशनकार्डधारकों को जो राशनकार्ड उपलब्ध कराया गया था, उस पर न सिर्फ तत्कालीन सपा सरकार के स्लोगन थे, बल्कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फोटो भी छपा था। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर योगी आदित्यनाथ बैठे, तो उन्होंने राशनकार्ड के कवर को तत्काल हटवा दिया। इससे ज्यादातर के राशनकार्ड खराब हो गए। बाद में ज्यादातर राशनकार्डधारकों ने ऑनलाइन राशनकार्ड की स्लिप निकलवा ली, जिसके माध्यम से कोटे से राशन लेने लगे।
शासन के निर्देश पर राशनकार्डधारकों को नया राशनकार्ड उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के राशनकार्डधारकों का डाटा फीडिंग का कार्य प्रारंभ हो गया है। 01 अगस्त को शहरी क्षेत्र के राशनकार्डधारकों व 01 सितंबर को ग्रामीण क्षेत्रों के राशनकार्डधारकों का डाटा फीडिंग के बाद पात्रों की सूची शासन को भेज दी जाएगी। उम्मीद है कि शहरी क्षेत्र के राशनकार्डधारकों को सितंबर, तो ग्रामीण क्षेत्र के पात्रों को अक्तूबर माह के अंत तक नए लुक में राशनकार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। राशन कार्डों को आधार से लिंक कराने का काम तेज हो गया है। इस प्रकार के राशनकार्ड पर किसी भी प्रकार का न तो राजनीतिक स्लोगन होगा और न ही किसी राजनेता का फोटो।
जिले में राशन कार्डधारकों की संख्या
जिले में कुल 3 लाख 46 हजार 633 राशनकार्डधारक हैं। इसमें पात्र गृहस्थी के 2 लाख 80 हजार 666 व अन्त्योदय के 65 हजार 967 राशनकार्डधारक शामिल हैं। इसमें शहरी क्षेत्र के कुल 35 हजार 838 राशनकार्डधारक हैं, जिसमें 28 हजार 285 पात्र गृहस्थी व 7 हजार 553 अन्त्योदय तथा ग्रामीण क्षेत्र 3 लाख 10 हजार 795 राशनकार्डधारकों में 2 लाख 52 हजार 381 पात्र गृहस्थी व 58 हजार 414 अंत्योदय राशनकार्डधारक शामिल हैं।
शीघ्र कराएं आधार कार्ड से लिंक
शासन के निर्देश पर राशनकार्डधारकों का डाटा फीडिंग का कार्य चल रहा है। जिन पात्रों ने अब तक राशनकार्ड आधार से लिंक नहीं कराया है, वे तत्काल करा लें। कारण यह कि 01 अगस्त को शहरी, तो 01 सितंबर को ग्रामीण क्षेत्र के पात्रों की सूची शासन को भेज दी जाएगी। इसके बाद नया राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। -निलेश उत्पल, जिलापूर्ति अधिकारी