1.20 करोड़ से जिले में बनेगी गोशाला
शासन ने प्रथम किस्त के तौर पर 50 लाख रुपये किए आवंटित
अंबेडकरनगर। शासन ने जिले में एक करोड़ 20 लाख की लागत से वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रशासन ने लगभग एक एकड़ भूमि की तलाश शुरू कर दी है। शासन ने वृहद गो संरक्षण केंद्र के निर्माण के लिए प्रथम किस्त के तौर पर 50 लाख रुपये भी मंजूर कर दिए हैं। इसके निर्माण का जिम्मा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ को सौंपा गया है।
पशुपालन विभाग ने प्रदेश के 68 जनपदों में वृहद गो संरक्षण केंद्र खोले जाने का निर्णय लिया है। जिले में एक करोड़ 20 लाख की लागत से बनने वाले इस केंद्र में पृथक-पृथक चार गो वंश शेड होंगे, जिनका कुल क्षेत्रफल 1400 वर्ग फिट होगा। कुल दो हजार वर्ग फिट क्षमता वाले दो भूसा गोदाम की स्थापना भी इसमें की जाएगी। 300 वर्ग फिट में कार्यालय, औषधि कक्ष व स्टोर का निर्माण होगा। 1100 वर्ग क्षेत्रफल में छह कर्मचारी आवास का निर्माण कराया जाएगा। 800 वर्ग फिट में चारे व पानी के लिए व्यवस्था की जाएगी। 5400 वर्ग फिट खुला क्षेत्रफल होगा, जहां बांद में आवश्यकतानुसार शेड निर्माण कराया जा सके। 10 हजार लीटर पानी की क्षमता वाली पानी टंकी भी स्थापित कराई जाएगी। बाउंड्रीवाल व शेडों को अलग करने के लिए बाड़ की समुचित व्यवस्था भी इसमें रहेगी। शासन ने गोशाला निर्माण के लिए बीते दिनों प्रथम किस्त के तौर पर 50 लाख रुपये अवमुक्त भी कर दिए।
शासन ने इसके निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था राज्य निर्माण सहकारी संघ को सौंपी है। निर्माण खंड के फैजाबाद प्रखंड अधिशाषी अभियंता ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर कहा है कि गोशाला निर्माण के लिए एक एकड़ भूमि की तलाश की जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के अनुरोध पर डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार को भूमि तलाश करने के निर्देश दिए हैं। कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता प्रशांत यादव ने बताया कि गोशाला निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। भूमि की तलाश पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।