सीएचसी में छह माह से खराब एक्सरे मशीन, भटक रहे मरीज
मरीजों ने सीएमओ से की मशीन सही कराने की मांग
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज का मामला
जहांगीरगंज। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे मशीन करीब छह माह से खराब पड़ी है। इससे अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक एक्सरे मशीन को सही नहीं कराया गया है। इससे सीएचसी में प्रतिदिन लगभग 15 से 20 मरीजों को एक्सरे मशीन न चलने के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजोें नेे मुख्य चिकित्साधिकारी से एक्सरे मशीन को दुरुस्त कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि जहांगीरगंज में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र है। सीएचसी पर इलाज के लिए प्रतिदिन लगभग 200 मरीज पहुंचते हैं। इनमें से करीब 20 मरीजों को प्रतिदिन एक्सरे की जरूरत पड़ती है। अस्पताल में एक्सरे मशीन लगी तो है, लेकिन वह करीब छह माह से खराब पड़ी है। इससे मरीजों को यहां तक आने के बावजूद एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही है। मंगलवार को अस्पताल पहुंचे मरीज संतराम और जियाराम आदि ने बताया कि उनके हाथ में चोट लगी है। एक्सरे कराने के लिए वह लोग एक सप्ताह से भटक रहे हैं। प्रतिदिन मशीन खराब होने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है। मरीजों ने सीएमओ से अस्पताल में लगी एक्सरे मशीन को जल्द सही कराने की मांग की है। मरीज गिरिजाशंकर और रामबोध ने कहा कि एक्सरे मशीन ठीक न होने की वजह से मरीजों का या तो जिला अस्पताल तक की दौड़ लगानी पड़ती है, या फिर निजी अस्पतालों में महंगे दर पर एक्सरे कराने को विवश होना पड़ता है। दोनों ही परिस्थितियों में मरीजों व तीमारदारों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. उदयचन्द्र यादव ने स्वीकार किया कि एक्सरे मशीन खराब पड़ी है। उसे ठीक कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा गया है