फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तूफान ने मचाया हंसवर में तबाही, छीन ली एक किशोर समेत तीन की जिंदगी

विज्ञापन
विज्ञापन
हंसवर/जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बुधवार रात आए तूफान ने जिले के हंसवर थाना क्षेत्र में बड़ी तबाही मचाई। धराशायी हुए पेड़ की चपेट में आने से एक किशोर समेत तीन की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जबकि दर्जनों टीन व छप्पर उड़ गए। लगभग विद्युत पोल जहां क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं पेड़ गिरने से जर्जर तार टूट गए। नतीजा यह रहा कि क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। सड़कों पर पेड़ों के गिरने से गुरुवार दोपहर तक कई मांगों पर आवागमन बाधित रहा। उधर जलालपुर में भी आई तेज आंधी के चलते धराशायी हुए पेड़ की चपेट में आने से एक युवक की दबकर मौत हो गई।
विज्ञापन

भीषण गर्मी के बीच बुधवार देर शाम से ही आसमान पर काले बादल उमड़ने लगे थे। उम्मीद थी कि बारिश होगी। रात लगभग साढ़े बजे अचानक तेज आंधी का दौर शुरू हो गया। आंधी का केंद्र जिले का हंसवर थाना क्षेत्र रहा। यहां आंधी ने भयंकर तबाही मचाई। आंधी ने एक एक कर पेड़ों को धराशायी करना शुरू कर दिया। सिंहपुर गांव में एक विशाल पीपल का पेड़ एक घर पर गिर पड़ा। इससे रामअचल (55) पुत्र रामअवध उसकी चपेट में आ गया। गंभीरावस्था में उसे सीएचसी बसखारी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हटवा नसीरपुर गांव निवासी सुरेंद्र वर्मा (46) पुत्र शोभाराम वर्मा व उसका (10) वर्षीय पुत्र आदर्श आम की बाग में मौजूद थे। आंधी आने पर जब तक वे दोनों सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश करते, तब तक एक पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा। जब तक पेड़ के नीचे से उन्हें निकाला जाता, तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो चुके थे। आननफानन में दोनों को सीएचसी बसखारी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिंहपुर गांव निवासिनी तालुका देवी (70) पत्नी विजय कुमार, इसी गांव की सिंगारी देवी (45) राममिलन, गोहिला गांव निवासी नंदलाल चौहान (45) समेत छह से अधिक लोग धराशायी हुए पेड़ व टीन शेड की चपेट में आने से घायल हो गए। सभी को सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया गया। यहां तालुका की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना अंतर्गत जीवत निवासी नरेंद्र (28) पुत्र दर्शन बुधवार रात आंधी आने पर बाग में मौजूद अपने पुत्र को बुलाने के लिए घर से जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचा, तो इसी बीच एक पेड़ की डाल उस पर गिर पड़ी। गंभीरावस्था में उसे सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्तों की तरह उड़ रहे थे टिन शेड व छप्पर
हंसचर थाना क्षेत्र में आंधी के कहर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीन शेड व छप्पर सूखे पत्तों की तरह उड़ रहे थे। सिंहपुर, गोहिला, हरसम्महार, मैंदी, भूलेपुर, मेहीसुलेमपुर समेत कई अन्य गांवों में दर्जनों टीन शेड व छप्पर उड़ गए। इससे लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ। इसके अलावा सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। हंसवर बसखारी मार्ग, हंसवर टांडा मार्ग पर दर्जनों पेड़ों के धराशायी होने पर गुरुवार दोपहर तक आवागमन बाधित रहा।
विज्ञापन


छिन्नभिन्न हुई विद्युत आपूर्ति
तेज आंधी से हंसवर थाना क्षेत्र में लगभग 100 विद्युत खंभे धराशायी व क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ों के गिरने से जगह-जगह जर्जर तार भी टूट गए। नतीजा यह रहा कि हरसम्हार, मेहीसुलेमपुर, धनजवल, मैंदी, सिंहपुर, गोहिला, नसीरपुर, बरही एदिलपुर, धाोरहरा, अवधीपुर, नरकटा, करौली मुबारकपुर, जैनुद्दीनपुर, हरनीडीह आदि गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे लगभग एक लाख की आबादी को पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ा। गुरुवार देर शाम तक क्षतिग्रस्त हुए खंभों को ठीक नहीं किया जा सका था। उधर अधिशाषी अभियंता विद्युत ने बताया कि गड़बड़ी को दूर करने का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। आंधी से व्यापक नुकसान हुआ है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

क्षति का कराया जा रहा आकलन
आंधी के चलते हंसवर थाना क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ है। संबंधित राजस्वकर्मियों से क्षति का आंकलन कराया जा रहा है। आंधी में तीन की मौत हुई है। पीड़ित परिवारीजनों को आवश्यक सहायता दिलाए जाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। -कोमल यादव, एसडीएम टांडा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें