अंबेडकरनगर। आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़ने की जरूरत नहीं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित सर्वशिक्षा अभियान के तहत ट्रांजिशन योजना की शुरुआत जिले में की गई है। इसके तहत कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले ऐसे छात्र-छात्राओं को शिक्षा विभाग विद्यालय में प्रवेश कराएगा जो आर्थिक तंगी के चलते आगे की पढ़ाई नहीं जारी रख सकते। कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे, इसके लिए योजना के तहत प्रत्येक विकास खंड में बीईओ के साथ नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। कक्षा पांच उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का आगे की पढ़ाई के लिए अनिवार्य प्रवेश हो, इसकी जिम्मेदारी बीएसए जबकि कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी डीआईओएस पर होगी।
आर्थिक तंगी के चलते अक्सर देखा जाता है कि कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने के बाद छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई नहीं जारी रख पाते। इससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। ऐसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सर्वशिक्षा अभियान के तहत ट्रांजिशन योजना का संचालन शुरू किया है। इसके तहत कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले ऐसे छात्र-छात्राओं की अनिवार्य शिक्षा के लिए आगे की कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा। इतना ही नहीं, बीपीएल कार्डधारक जो बच्चे निजी विद्यालयों में पढ़ना चाहते हैं, वे योजना के तहत संबंधित विद्यालयों में प्रवेश करा सकेंगे।
योजना का समुचित लाभ ऐसे बच्चों को मिल सके, इसके लिए सभी विकास खंडों में बीईओ के साथ ही एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। जिलास्तरीय नोडल अधिकारी की टीम में शामिल डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि सभी परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यालय का नोडल अधिकारी बनाया गया है। विद्यालयों के नोडल अधिकारी कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारियों को सौंपेंगे। ये अधिकारी कक्षा पांच उत्तीर्ण करने वाले बच्चों की सूची बीएसए को जबकि कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची डीआईओएस को सौंपेंगे। इन दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे सूची में शामिल सभी बच्चों का सत्यापन कराएं। यदि कोई बच्चा आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई छोड़ रहा है तो उसका प्रवेश उसकी इच्छा के अनुसार संबंधित विद्यालय में कराएं।
ये बनाए गए नोडल अधिकारी
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के अलावा अकबरपुर विकास खंड में सुनील कुमार गौड़, बसखारी में गंगादीन, टांडा में संतोष कुमार, जहांगीरगंज में कृष्णचंद्र मिश्र, रामनगर में बलराम यादव, भियांव में जितेंद्र कुमार, जलालपुर में श्वेता सिंह, कटेहरी में बृजेश कुमार, भीटी में रामनिहाय व टांडा नगर में आदिल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उठाए जा रहे ठोस कदम
कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने के बाद कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई से वंचित न रह जाए, इसके लिए योजना के तहत सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वे कक्षा पांच व कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची तत्काल संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएं। -अतुल कुमार सिंह, बीएसए