जलालपर (अंबेडकरनगर)। मालीपुर थाना क्षेत्र के नेमपुर गांव से मंगलवार शाम को लापता हुए रूदल (21) का शव गांव के बाहर उसके ही ट्यूबेल में फंदे पर लटका मिला। खोजबीन करते हुए बुधवार सुबह परिवारीजन जब ट्यूबेल पर पहुंचे तो वहां के हालात देेख सन्न रह गए। सूचना पर मालीपुर पुलिस गांव पहुंची और शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालीपुर थाना क्षेत्र के नेमपुर निवासी रामलखन का 21 वर्षीय पुत्र रूदल मंगलवार शाम अचानक घर से लापता हो गया। काफी रात तक परिवारीजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह जब परिवारीजन खोजते हुए गांव के बाहर स्थित ट्यूबेल पर गए तो वहां देखा कि दरवाजे के बाहर उसका चप्पल पड़ा है। दरवाजा खोलकर अंदर जाते ही वहां का नजारा देख सभी लोग सन्न रह गए। छत में लगे लोहे के कुंडे से रस्सी के सहारे युवक का शव लटक रहा था। आनन फानन में परिवारीजनों ने उसे नीचे उतारा, और शव घर ले आए। इस बीच किसी ने सूचना मालीपुर पुलिस को दे दी। एसओ मालीपुर संतोष कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, और पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ मालीपुर ने बताया कि परिवारीजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। मामले में छानबीन करायी जा रही है।