कटेहरी (अंबेडकरनगर)। जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. एसपी सिंह बघेल ने बुधवार रात कटेहरी विकास खंड के प्रतापपुर चमुर्खा ग्राम पंचायत में चौपाल लागई। प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। इसमें यदि किसी प्रकार की समस्या हो, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। मंत्री ने डीपीआरओ को ग्राम पंचायत में चार अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात किए जाने का निर्देश दिया।
कटेहरी विकास खंड के प्रतापपुर चमुर्खा गांव में बुधवार रात जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ प्रभारी मंत्री डॉ. एसपी सिंह बघेल ने चौपाल लगाई। गांव में चल रहे विकास कार्यों व पात्रों को योजनाओं को मिलने वाले लाभ की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने राज्य व केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर योजनाओं का लाभ उठाएं। यदि इसमें किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। यदि इसके बाद भी उनकी समस्या का निस्तारण न हो, इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर करें।
समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत किया कि ग्राम पंचायत की आबादी लगभग 15 हजार है। गांव की सफाई के लिए मात्र एक सफाईकर्मी तैनात है। वह भी कभी कभार ही सफाई के लिए गांव आता है। इस पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डीपीआरओ को ग्राम पंचायत में चार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तैनात किए जाने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देशित किया कि सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात्रि प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री गांव निवासी दलित रामभगत के घर भोजन किया। इस दौरान जिलाधिकारी सुरेश कुमार, एसपी संतोष कुमार मिश्र, सीडीओ उमेशनरायन पांडेय, डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र, डीआईओएस विनोद सिंह, बीएसए अतुल कुमार सिंह, युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।