अंबेडकरनगर। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें छात्र छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शुक्रवार को क्रिकेट व फुटबाल मैच में इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के छात्रों ने बाजी मारी। एथलीट स्पर्धा में आनन्द ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लंबी कूद, ऊंची कूद व डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा बालिका वर्ग की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में छात्रा कोमल गुप्ता व बालक वर्ग में विमल ने प्रथम स्थाना प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में सरस्वती पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन के बालक वर्ग में चतुर्थ वर्ष व बालिका वर्ग के द्वितीय वर्ष के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। शाम को संस्थान निदेशक डॉ. एके मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा प्रत्येक कार्य को उत्साह के साथ करना चाहिए। इस कार्यक्रम के माध्यम से कई छात्रा-छात्राओं की प्रतिभा में निखार आएगा। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इस मौके पर डॉ. विशाल सिंह, डॉ. आशीष मिश्र, अवनीश कुमार यादव के अलावा अभिषेक पाण्डेय, संग्राम यादव, नवनीत, रोहित व शशांक आदि मौजूद रहे।