अंबेडकरनगर। जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों पर आगामी 17 मार्च से यूपी बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य होगा। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की लगभग साढ़े 6 लाख कापियों के मूल्यांकन के लिए कुल 199 उपमुख्य परीक्षक लगाए गए हैं। प्रत्येक उपमुख्य परीक्षक के साथ दस सहायक परीक्षक लगाए जाने हैं। इनकी सूची तो डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध है, लेकिन केंद्रवार सूची अब तक नहीं तैयार की जा सकी है। उधर 17 मार्च से प्रारंभ होने वाले मूल्यांकन के कार्य को सकुशल संपन्न कराने को लेकर डीआईओएस कार्यालय ने आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं।
गौरतलब है कि गत 12 मार्च को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं संपन्न हुई थीं। अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेज हो गई हैं। 17 मार्च से प्रारंभ हो रहे मूल्यांकन के कार्य को सकुशल निपटाने के लिए जिले में तीन मूल्यांकन केंद्र बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर व सरदार पटेल स्मारक इंटर कालेज लारपुर को बनाया गया है। डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कुल 6 लाख 51 हजार 610 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर में इंटरमीडिएट की 2 लाख 3 हजार 600, डा. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर में हाईस्कूल की 2 लाख 25 हजार व सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में हाईस्कूल की 1 लाख 19 हजार 67 व इंटरमीडिएट की 1 लाख 3 हजार 943 कापियों का मूल्यांकन होगा।
डीआईओएस ने बताया कि मूल्यांकन को सुचारु ढंग से निपटाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा कुल 199 उपमुख्य परीक्षक तैनात किए गए हैं, जिनकी सूची विभाग को उपलब्ध करा दी गई है। प्रत्येक उपमुख्य परीक्षक के साथ 10 सहायक परीक्षक लगने हैं। उनकी सूची तो प्राप्त हुई है, लेकिन अभी उनकी मूल्यांकन केंद्र पर तैनाती नहीं की जा सकी है। बताया कि विगत वर्ष भी तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। लगभग साढ़े पांच लाख कापियों के मूल्यांकन के लिए लगभग 2300 परीक्षक लगाए गए थे।
भुगतान को लेकर अलग-अलग दावे
डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि विगत वर्ष मूल्यांकन में लगे परीक्षकों का शत-प्रतिशत भुगतान हो चुका है। किसी का भी बकाया नहीं है। उधर माध्यमिक संघ वित्तविहीन गुट के जिलाध्यक्ष आनंद हीराराम पटेल ने कहा कि अभी तक विगत वर्ष के सभी परीक्षकों का भुगतान नहीं हुआ है। अभी कुछ परीक्षकों का भुगतान होना शेष है।
मूल्यांकन का होगा बहिष्कार
माध्यमिक शिक्षक संघ वित्तविहीन गुट के जिलाध्यक्ष आनंद हीराराम पटेल ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षक मूल्यांकन के कार्य का बहिष्कार करेंगे। इसके लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। कहा कि मानदेय रोका गया है, उसे तत्काल फिर से शुरू किया जाए, शिक्षक सेवा नियमावली बनाए जाने समेत कई अन्य मांगे हैं। जब तक इन मागों का निस्तारण नहीं होता, तब तक मूल्यांकन का बहिष्कार रहेगा।
बहिष्कार की नहीं जानकारी
वित्तविहीन शिक्षक संघ द्वारा मूल्यांकन के बहिष्कार संबंधित जानकारी नहीं है। अभी तक किसी भी गुट ने इस संबंध में कोई पत्र नहीं दिया है। यदि बहिष्कार करते हैं, तो सुचारु रूप से मूल्यांकन का कार्य निपटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। 17 मार्च से तीनों मूल्यांकन केंद्रों पर सुचारु ढंग से मूल्यांकन कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। -विनोद सिंह, डीआईओएस