अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी व इंटरमीडिएट संगीत गायन की परीक्षाएं आयोजित हुईं। इंटरमीडिएट की परीक्षा में सभी 25 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, तो हाईस्कूल में 3882 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। डीएम के अलावा कई अन्य अधिकारियों ने परीक्षा का जायजा लिया। इस बीच अब तक बोर्ड परीक्षा में एक भी नकलची नहीं पकड़ा जा सका है।
यूपी बोेर्ड परीक्षा में प्रशासन की बढ़ती सख्ती के बीच अनुपस्थित होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें 36 हजार 484 परीक्षार्थियों को जिले के 107 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देना था। परंतु इसमें से 3882 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुल 32 हजार 602 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। नकल रोकने के लिए प्रशासन शुक्रवार को मुस्तैद नजर आया। डीएम अखिलेश सिंह शुक्रवार को भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लेने निकले। केंद्राध्यक्षों व कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि यदि कहीं भी परीक्षा की सुचिता को भंग करने की कोशिश की गई तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने शुक्रवार को अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी के अलावा मालती मॉडर्न पब्लिक इंटर कॉलेज विजयनगर कटेहरी व खेमराज स्मारक इंटर कॉलेज खेमापुर परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
डीआईओएस विनोद कुमार सिंह ने अकबरपुर व कटेहरी के कई परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया, वहीं प्रशासनिक अमला भी नकलविहीन परीक्षा के लिए सक्रिय दिखा। संबंधित तहसीलों के एसडीएम अपने अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते नजर आए। इस बीच प्रथम पाली में ही इंटरमीडियट के संगीत गायन विषय की परीक्षा हुई। जिले के 3 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 25 छात्र-छात्राओं को हिस्सा लेना था। सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन तक इस बीच नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्ते को अब तक कोई नकलची नहीं मिल सका है। गौरतलब है कि जिले में नकल रोकने के लिए 5 सेक्टर, 25 जोनल व 5 सचल दस्ते का गठन हुआ है।