फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 हजार आबादी को जल्द मिलेेगा ओवरहेड टैंक का लाभ

विज्ञापन
विज्ञापन
विद्युतनगर। टांडा नगर के जुड़वा मोहल्ले मुबारकपुर में बनकर तैयार ओवरहेड टैंक से लगभग 20 हजार की आबादी को जल्द पेयजल सप्लाई का लाभ मिलेगा। अभी यहां के लोगों को पीने के लिए हैंडपंप का ही सहारा है। बड़ी मुश्किल से ओवरहेड टैंक का निर्माण हुआ तो, लेकिन इसे पाइप लाइन से आज तक नही जोड़ा जा सका है। धनाभाव के चलते पाइपलाइन बिछाने का कार्य नहीं हो पाया है। जल निगम अधिकारियों के मुताबिक कार्य को पूरा कराने के लिए पर्याप्त धन की मांग की गई है। धन प्राप्त होते ही काम तेजी से पूरा कराया जाएगा। इसके बाद नगरवासियों को इसका लाभ भी दिलाना सुनिश्चित होगा।
विज्ञापन

नगर पालिका का नागरिक होने के बाद भी मुबारकपुर के लोगों को पाइप लाइन से पानी आज तक नसीब नहीं हो सका। टांडा नगर पालिका परिषद के तीन वार्ड के लोग यहां रहते हैं। नागरिकों द्वारा पालिका को हाउस टैक्स व वाटर टैक्स भी देते हैं, लेकिन इनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा। गौरतलब है कि नगर पालिका टांडा के जुड़वा कस्बा मुबारकपुर के लोगों की मांग को देखते हुए वर्ष 2009 में शासन ने ओवरहेड टैंक निर्माण व पाइप लाइन बिछाने को मंजूरी दी थी। मुबारकपुर कस्बा टांडा मुख्य नगर से कुछ दूरी पर स्थित है, लेकिन नगर पालिका परिषद सीमा में ही आता है। यहां लम्बे समय से पेयजल लाइन की मांग की जा रही थी। शासन की मंजूरी के बाद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शुरुआत में ही इस परियोजना को उस समय झटका लग गया जब इसके निर्माण के लिए मुबारकपुर कस्बे में भूमि ही नहीं मिल पा रही थी। इससे यह परियोजना करीब 5 वर्ष तक अधर में लटकी रही। नागरिकों ने एक बार फिर इसके निर्माण के लिए आवाज उठाई। मामला शासन स्तर तक पहुंचा तब जाकर प्रशासन सक्रिय हुआ। तत्कालीन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी ने भी खास रुचि ली। इसके बाद ही रसूलपुर मुबारकपुर में ओवरहेड टैंक के लिए जमीन मिली। वर्ष 2014-15 में ओवरहेड टैंक का निर्माण जल निगम ने शुरू किया। जनवरी 2017 में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। हालांकि बजट के अभाव में पाइप लाइन विस्तारीकरण का कार्य अधूरा ही रह गया।
इसके बाद से लोग पेयजल सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे हैं। जल निगम लगातार शासन स्तर से आवश्यक बजट का प्रयास कर रहा है। जल निगम अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इसके लिए आवश्यक व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद लगभग 20 हजार आबादी को वाटर सप्लाई सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। इस बीच मुबारकपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष पिन्टू जायसवाल, फैसल अंसारी, मदन गुप्ता, किशन सोनी व दुर्गविजय मांझी ने कहा कि जिला प्रशासन को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए, जिससे जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
विज्ञापन


जल निगम के हैंडओवर का इंतजार
नगर पालिका परिषद को जल निगम द्वारा कार्य पूरा किए जाने का इंतजार है। जल निगम जब कार्य पूरा कर इसकी जानकारी देगा तो नगर पालिका परिषद द्वारा जायजा लेकर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करायी जाएगी। इसके बाद ही वाटर सप्लाई सुविधा मुबारकपुर में मिलने लगेगी।
-आरडी वाजपेयी, टांडा नगर पालिका

जल्द पूरा होगा निर्माण
ओवरहेड टैंक बनकर पूरा हो गया है। सिर्फ पाइप लाइन बिछाया जाना बाकी है। धनाभाव के चलते यह काम नहीं हो पा रहा। नगर परिषद से आवश्यक वार्ता चल रही है। जल्द ही यह काम भी पूरा करा लिया जाएगा। -महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें