बरेली ने भदोही को 53 रन से हराया
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज मैदान में बुधवार से रामबाबू मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच बरेली व भदोही की टीम के बीच हुआ। एकतरफा मैच में बरेली की टीम ने भदोही को 53 रन से पराजित किया।
अंबेडकरनगर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार से नगर के बीएन इंटर कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि डीएम अखिलेश सिंह ने भदोही व बरेली टीम के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। उन्हाेंने कहा कि, हार-जीत की परवाह किए बिना प्रतियोगिता में भाग लें। हार-जीत तो एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। विशिष्ट अतिथि अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने कहा कि, इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का समय-समय पर आयोजन होते रहना चाहिए। इससे न सिर्फ आपसी समझ बढ़ती है, बल्कि मानसिक व शारीरिक विकास भी होता है। इसके बाद हुए मैच में टॉस जीतकर बरेली की टीम ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 167 रन बनाए। इसमें गौरांग ने 39 व गौरव ने 29 रन का योगदान दिया। भदोही की तरफ से दीपांकर ने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट, शैलेश ने तीन ओवर में 35 रन देकर दो विकेट व इमरान ने चार ओवर में 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया। तीन खिलाड़ी रन आउट हुए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भदोही की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। नतीजतन 16.5 ओवर में 114 रन बनाकर पूरी टीम आउट हो गई। इसमें शैलेश व सैफान ने 19-19 रन का योगदान दिया। बरेली की ओर से मनीष ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट, गौरांग ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच का खिताब गौरांग को मिला। अंपायर की भूमिका आनंद सिंह व निखिल पटेल ने और स्कोरर की भूमिका सत्यम यादव ने निभाई। संरक्षक पूर्व विधायक पवन पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मनोज गुप्ता, राकेश सोनकर, संदीप जान, संजय श्रीवास्तव, ललित मोहन श्रीवास्तव, शिवप्रसाद मिश्र, अनुराग श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।