घटना से आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
बसखारी (अंबेडकरनगर)। किछौछा में में शनिवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान की जा रही आतिशबाजी से एक छप्परनुमा घर में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक काफी संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इससे पहले कि मामला तूल पकड़ता, सीओ सदर ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल ली।
बसखारी थाना अंतर्गत किछौछा में बारावफात के मौके पर दोपहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकल रहा था। पर्व का उल्लास चरम पर था। लोग जमकर आतिशबाजी कर रहे थे। इसी बीच किछौछा मोड़ पर रामनवल निषाद के छप्परनुमा घर में आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। फायर ब्रिगेड कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लगभग दो लाख की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।
उधर घटना के बाद मौके पर निषाद समुदाय के लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। थानाध्यक्ष टीपी वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
इसी बीच सीओ सदर धर्मेंद्र सचान भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। सीओ ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। मामले में जांच कराई जाएगी। बताया कि पीड़ित की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।