सबसे पहले आएंगे इल्तिफातगंज के नतीजे
अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव में मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सबसे पहले इल्तिफातगंज नगर पंचायत के नतीजे सामने आएंगे। अकबरपुर नगर पालिका परिषद का परिणाम सबसे अंत में आने की उम्मीद है। जिले के तीनों मतगणना स्थल पर बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को तैयारियों का जायजा लिया।
अकबरपुर, जलालपुर व टांडा तहसील मुख्यालयों पर मतगणना स्थल पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने मतगणना से जुड़ी तैयारियों को सोमवार से और तेज कर दिया। एक दिसंबर को होने वाली मतगणना के बाद सबसे पहले इल्तिफातगंज नगर पंचायत के नतीजे आएंगे। यहां सिर्फ 11 वार्डों के सभासद व अध्यक्ष के एक पद के लिए ही मतगणना होनी है। 9655 मतों के सापेक्ष यहां 6746 मतदाताओं ने मतदान किया है।
इसके बाद अशरफपुर किछौछा पंचायत के नतीजे आने की उम्मीद है। यहां 17 वार्ड के सभासद व अध्यक्ष के एक पद के लिए कुल 12 हजार 899 मतदाताओं ने वोट दिया है। किछौछा के मतों की गिनती भी जल्द ही पूरी हो जाएगी। जलालपुर नगर परिषद के 25 वार्ड के सभासद व अध्यक्ष के 1 पद के लिए 15 हजार 937 मतदाताओं ने ही मताधिकार का प्रयोग किया था।
टांडा नगर पालिका परिषद में 25 वार्ड के सभासद व अध्यक्ष के एक पद के लिए 45 हजार 704 मतदाताओं ने वोट दिया है। यहां मतगणना देर तक चलने की उम्मीद है। अकबरपुर में 25 सभासद व 1 अध्यक्ष चुनने के लिए 54 हजार 928 मतदाताओं ने वोट दिया है। अकबरपुर में परिणाम सबसे अन्त में आने की उम्मीद है।
सुबह 8 बजे से शुुरू होगी मतगणना
जिला मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह ने सोमवार को जारी निर्देश में कहा है कि एक दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए संबंधित निकाय के निवासी तथा सभासद पद की मतगणना के लिए संबंधित वार्ड के निवासियों को ही अभिकर्ता बनाया जाएगा। सांसद, विधायक, मंत्री, जिपं अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, विशिष्ट व्यक्तियों, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, आपराधिक प्रवृत्ति के लोग तथा किसी भी तरह के लाभ के पद से जुड़े लोग अभिकर्ता नहीं बन पाएंगे। उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता तथा मतगणना अभिकर्ता में से कोई एक व्यक्ति ही एक समय में मतगणना हाल में मौजूद रह सकता है। मतगणना प्रांगण के 200 मीटर परिधि में किसी बाहरी वाहन को प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। मतगणना स्थल के भीतर किसी भी प्रकार का अस्त्र शस्त्र ले जाने पर पूर्णतया रोक रहेगी।