निकाय चुनाव में बड़ी कार्रवाई, 11 हजार से अधिक पाबंद
अंबेडकरनगर। निकाय चुनाव में पुलिस प्रशासन ने रिकॉर्ड 11 हजार 674 लोगों को पाबंद किया है। जनपद पुलिस की यह कार्रवाई लखनऊ जोन में सबसे ज्यादा है।
पुलिस ने 896 हिस्ट्रीशीटरों को भी अलग से पाबंद करने के साथ ही 119 बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। 20 बदमाशों को जिला बदर भी किया गया है।
जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने में पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी थानों में प्रतिदिन संदिग्धों के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा जिला स्तर पर की जा रही है।
27 अक्तूबर को निकाय चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिले में पुलिस प्रशासन ने आपराधिक तत्वाें के विरुद्ध बड़े पैमाने पर मुहिम छेड़ रखी है।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने सभी प्रकार की कार्रवाई की समीक्षा प्रतिदिन करने का जो निर्णय लिया है, उसके चलते थानों में कार्रवाई ने गति पकड़ रखी है। नतीजा यह है कि जिले में पुलिस ने कार्रवाई का नया रिकार्ड बना डाला है।
जनपद पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक आचार संहिता लगने के बाद से जिले में अब तक कुल 35 हजार 113 लोगों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष भेजी गई है।
इनमें से 11 हजार 674 लोगों को पाबंद भी करा दिया गया है।
पेशकार यज्ञनरायण चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस की यह कार्रवाई लखनऊ जोन में सबसे ज्यादा है। जोन के अन्य जिलों में अंबेडकरनगर के बाद सबसे ज्यादा पाबंद लखनऊ जिले में हुए हैं। वहां 10 हजार 919 लोगों को पाबंद कराया गया है।
हरदोई में 6919, खीरी में 2563, रायबरेली में 1106, सीतापुर में 4680, फैजाबाद में 3875, सुल्तानपुर में 2118 व बाराबंकी में 4342 लोगों को अब तक पाबंद कराया गया है।
बताया कि अंबेडकरनगर में 23 हजार 439 जिन अन्य लोगों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट भेजी गई है, उन्हें भी जल्द ही पाबंद करा लिया जाएगा। इसके लिए आगामी तीन दिन के भीतर विशेष अभियान चलाकर इसे पूरा किया जाएगा।