सप्तकोसी परिक्रमा शुरू, आज उमड़ेंगे श्रद्धालु
अंबेडकरनगर। श्रवण कुमार की तपोस्थली से अव्यवस्थाओं के बीच सोमवार को सप्तकोसी परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मड़हा बिसुही के संगम तट पर स्नान व पूजन के बाद परिक्रमा शुरू की। अन्नावां, शिवबाबा, अकबरपुर, शहजादपुर होते हुए पहितीपुर रोड होते हुए पुन: पवित्र धर्मस्थल पहुंचकर परिक्रमा पूरी हुई। प्रशासनिक उपेक्षा का आलम ये रहा कि यहां पर कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। इससे श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बार दो दिन एकादशी मान ली गई है। ऐसे में मंगलवार को भी श्रद्धालु परिक्रमा करेंगे।
गौरतलब है कि प्रबोधिनी एकादशी पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रवण क्षेत्र से सप्तकोसी परिक्रमा करते हैं। महड़ा व बिसुही के संगम पर श्रद्धालु पूजन-अर्चन के बाद परिक्रमा शुरू करते हैं। इसके बाद पुन: इसी पवित्र स्थल पर पहुंचकर परिक्रमा पूर्ण करते हैं। गत वर्षों की भांति इस बार भी श्रद्धालुओं ने सोमवार को प्रबोधिनी एकादशी पर श्रवण क्षेत्र में पूजन के बाद परिक्रमा शुरू की। अन्नावां, शिवबाबा, अकबरपुर होते हुए शहजादपुर पूर्वी नाका पहुंचे। वहां से वापस पहितीपुर रोड होते हुए पुन: श्रवण क्षेत्र पहुंचकर स्नान व दानपुण्य किया। सोमवार को परिक्रमा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। नदी में पर्याप्त पानी नहीं होने से लोगों को स्नान करने में भी परेशानी हुई। परिसर में लगे हैंडपंपों पर ही अधिकांश श्रद्धालुओं ने स्नान किया। यही नहीं सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा भी महज श्रवण क्षेत्र पुलिस चौकी के भरोसे ही रहा। प्रकाश आदि की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं होने के चलते भोर में पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी।
खास बात ये कि श्रद्धालुओं के बीच इस बार प्रबोधिनी एकादशी को लेकर भ्रम की स्थिति दिखी। कुछ श्रद्धालुओं ने सोमवार को प्रबोधिनी एकादशी मानकर परिक्रमा की, तो वहीं कई श्रद्धालु मंगलवार को प्रबोधिनी एकादशी मनाएंगे। पूर्व प्रधान विजय तिवारी ने प्रसिद्ध श्रवण क्षेत्र स्थल को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार बरती जा रही उदासीनता पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि, प्रशासन की उपेक्षा के चलते यहां श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। एसडीएम अकबरपुर हरीराम ने बताया कि, मेले को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के साथ ही सफाई व अन्य इंतजाम कराए जा चुके हैं।