निगरानी के लिए ठीक कराए गए सीसीटीवी कैमरे
अंबेडकरनगर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर निगरानी के लिए पुलिस-प्रशासन को अब प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की याद आई है। रविवार को जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराया गया।
गौरतलब है कि अकबरपुर नगर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था एवं अपराधियों की निगरानी के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें कई कैमरे लंबे समय से खराब पड़े थे। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज होने पर ऐसे में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे को ठीक कराने का डीएम ने निर्देश दिया।
इसके बाद रविवार को यातायात प्रभारी सुधांशु के नेतृत्व में टीम ने पुराने तहसील तिराहा, पटेलनगर चौराहा, फौव्वारा तिराहा, पहितीपुर चौराहा व दोस्तपुर चौराहा आदि स्थानों पर खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराया गया।