नदी में डूबे किशोर का मिला शव
टांडा। प्रतिमा विसर्जन के दौरान इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत सहजौरा घाट पर पैर फिसलने से सरयू में डूबे किशोर का शव सोमवार को घटनास्थल से लगभग 12 किमी दूर छज्जापुर के निकट नदी में उतराता हुआ मिला। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। गौरतलब कि 21 अक्तूबर की देर शाम इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत सहजौरा घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाउसांडा निवासी दीपक गुप्ता का पैर फिसल गया और वह नदी में डूब गया।
टांडा से गोताखोरों को बुलाया गया। शनिवार व रविवार को पूरे दिन तलाश के बावजूद दीपक का कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच सोमवार दोपहर घटनास्थल से लगभग 12 किमी दूर टांडा कोतवाली अंतर्गत छज्जापुर मोहल्ले के निकट सरयू नदी में दीपक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया।
जानकारी पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी बृजेश मिश्र दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है।