करंट की चपेट में आकर किशोर की मौत
अंबेडकरनगर/टांडा। करंट की चपेट में आकर शनिवार रात टांडा कोतवाली क्षेत्र के नैपुरा मोहल्ले में एक किशोर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया गया।
उधर, विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक युवक व एक महिला भी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। जिला अस्पताल से युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। शनिवार देरशाम नगर के नैपुरा मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
इसी बीच मोहल्ला निवासी कलीम (16) करंट की चपेट में आ गया। कई अन्य लोगों को भी करंट का अहसास हुआ लेकिन वे भागने में सफल रहे। कलीम भाग नहीं सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर कोतवाल बृजेश मिश्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कराया। बाद में अंतिम संस्कार के लिए शव परिवारीजनों को सौंप दिया। उधर, सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दोस्तपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह (35) शनिवार देर शाम घर में बिजली की वायरिंग ठीक कर रहा था।
इसी बीच कटे तार पर उसका हाथ पड़ गया जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। गुहार पर पहुंचे परिवारीजन ने किसी तरह उसे तार से अलग किया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत औलियापुर निवासिनी संगीता (28) रविवार सुबह घर की साफ-सफाई कर रही थी। इसी बीच पंखा हटाने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गई जिससे वह झुलस गई। परिवारीजन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।