पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने की विशेष पूजा-अर्चना
अंबेडकरनगर। दीपावली पर्व पर सुख-समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी व विवेक तथा बुद्धि के देवता भगवान गणेश की पूजा-अर्चना गुरुवार को बढ़-चढ़ कर हुई। अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह स्थापित पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने दर्शन किया और मन्नत मांगी।
गौरतलब है कि धनतेरस पर्व के दिन जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह भव्य पूजा पंडालों में भगवान गणेश व मां लक्ष्मी की प्रतिमा विधि-विधान पूर्वक स्थापित की गई थी। विशेष पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पूजा पंडालों के पट खोल दिए गए थे।
अकबरपुर नगर में फैजाबाद रोड, फव्वारा तिराहा, नई सड़क, अकबरपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र, अकबरपुर बस स्टेशन क्षेत्र, मुरादाबाद व पटेलनगर आदि क्षेत्रों में स्थापित पूजा पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
गुरुवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा पंडालों में दर्शन किया और विशेष पूजा-अर्चना की। मीरानपुर स्थित पंडाल से जुड़े अमित कुमार ने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में प्रसाद का भी वितरण किया जा रहा है। बताया कि 21 अक्तूबर को शोभायात्रा के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार नगर क्षेत्र में जगह-जगह स्थापित पंडालों में पूजा-अर्चन की धूम मची हुई है। केंद्रीय लक्ष्मी पूजा महासमिति के महामंत्री कृष्णकुमार सोनी ने बताया कि धनतेरस पर्व से शुरू हुए श्री लक्ष्मी पूजा का समापन कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीय को प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। 21 अक्तूबर को भव्य शोभायात्रा के बाद प्रतिमाओं का पवित्र सरयू नदी के राजघाट पर विसर्जन कर दिया जाएगा।