पांच लोग सर्पदंश के शिकार, एक गंभीर
अंबेडकरनगर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पांच लोग सर्पदंश का शिकार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। भीटी थाने के आशाजीतपुर गांव की लीलावती (50) मंगलवार देर शाम शौच के लिए खेत की तरफ जा रही थी।
रास्ते में सांप ने उसे डस लिया। उसे पहले सीएचसी भीटी में भर्ती कराया गया, यहां जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। भीटी थाने के भीटी निवासी अरबाज अली (20) बुधवार सुबह खेत में सिंचाई करते समय सर्पदंश का शिकार हो गया। उसे पहले सीएचसी भीटी, फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अकबरपुर थाने के भठपुरा गांव की शकुंतला (40) को बुधवार सुबह घर की साफ-सफाई करते समय सांप ने डस लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अकबरपुर क्षेत्र के विजयगांव निवासी गिरधारी (32) बुधवार सुबह खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गया।
इसी थाने के जमुनीपुर बाजार निवासी भरतलाल (42) मंगलवार देर शाम खेत में काम करते समय सर्पदंश का शिकार हो गया। दोनों जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।