वृद्ध व युवती आग से झुलसे, ट्रॉमा सेंटर रेफर
अंबेडकरनगर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक युवती खाना बनाते समय तो एक वृद्ध ढिबरी से लगी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत गदाया निवासिनी रीमा (18) रविवार देर शाम चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी बीच चिंगारी से उसके कपड़े में आग लग गई। उसकी चीख सुन परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि रीमा पूरी तरह लपटों से घिरी हुई थी।
अथक प्रयास कर आग बुझाया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत राजेसुल्तानपुर निवासी गंगाराम (65) रविवार रात उस समय आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए जब वह घर के बरामदे में सो रहे थे।
परिवारीजनों के अनुसार चारपाई के निकट ही ढिबरी रखी हुई थी। मध्यरात्रि के करीब अचानक ढिबरी बिस्तर पर गिर पड़ी। बिस्तर में आग लगने के साथ ही उनके कपड़े में भी आग लग गई।
गुहार पर पहुंचे परिवारीजनों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। आननफानन में उन्हें पहले सीएचसी जहांगीरगंज फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।