विद्युत स्टोर में लगी आग, कई मीटर जले
टांडा। विद्युत वितरण खंड टांडा के स्टोर रूम में संदिग्ध हालात में आग लगने से दर्जनों नए व पुराने विद्युत मीटर जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में तीन कम्प्यूटर मॉनीटर व 200 सिंगल फेस मीटर के चोरी होने की जानकारी विद्युत विभाग ने दी है। अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि आग लगने की घटना को चोरों ने अंजाम दिया है। दूसरी तरफ जानकार लोगों का कहना है कि गड़बड़ियों को छिपाने के लिए यह घटना की गई है।
टांडा विद्युत वितरण खंड के स्टोर रूम में बुधवार रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। स्टोर में रखे कई नए व पुराने विद्युत मीटर आग से जलकर नष्ट हो गए। इसकी जानकारी गुरुवार सुबह वितरण खंड के अधिकारियों व कर्मचारियों को हुई। सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्टोर रूम जायजा लेने के बाद चोरी के बाद आग लगाए जाने की आशंका जताई।
दूसरी तरफ जानकारों का मानना है कि गड़बड़ी को छिपाने के लिए स्टोर रूम में आग लगाने की घटना की गई। देर शाम उपखंड अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि स्टॉक सत्यापन के चलते विलंब हुआ है। तीन कम्प्यूटर मॉनीटर तथा 200 सिंगल फेज मीटर चोरी हुए हैं।
इसके अलावा आग लगाने से कई नए व पुराने मीटर जलकर नष्ट भी हो गए हैं। प्रथम दृष्टया यह घटना चोरों द्वारा की गई ही प्रतीत होती है। एसडीओ ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कराया जा रहा है।