वृद्ध समेत पांच लोग सर्पदंश के शिकार, एक गंभीर
अंबेडकरनगर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक वृद्ध समेत पांच लोग सर्पदंश के शिकार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत मिर्जापुर गांव निवासी राधेश्याम (63) बुधवार सुबह उस समय सर्पदंश का शिकार हो गया, जब वह शौच के लिए खेत की तरफ जा रहा था। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी थाना अंतर्गत औलियापुर गांव निवासिनी रंजना (32) बुधवार सुबह घर की साफ-सफाई कर रही थी। इसी बीच उसे सांप ने उसे डस लिया। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, अहिरौली थाना अंतर्गत कटेहरी निवासिनी राधा (18) को बुधवार सुबह उस समय सांप ने डस लिया, जब वह घर की साफ-सफाई कर रही थी। परिवारीजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, जलालपुर थाना अंतर्गत मंगुराडिला गांव निवासी राहुल (38) मंगलवार देर शाम खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गया। उसे पहले सीएचसी नगपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा टांडा थाना अंतर्गत मुबारकपुर निवासी पंकज (32) बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गया। उसे पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।