सुबह सुबह ले शिव का नाम...
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। सावन के दूसरे सोमवार पर हर हर महादेव व ओम नम: शिवाय के जाप से क्षेत्र के शिवालय गूंज उठे। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कांवरियों ने शिवमंदिरों में पहुंचकर न सिर्फ पूजन अर्चन किया, बल्कि रुदाभिषेक किया। सड़क पर उतरे बड़ी संख्या में कांवरियों के चलते समूचा माहौल भगवामय हो गया। चारों तरफ बम भोले व हर हर महादेव के नारे गूंज रहे थे। उधर सरयू नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर देवादि देव महादेव का जलाभिषक भी किया।
सावन माह के दूसरे सोमवार को सुबह से ही शिवालयों में भगवान शिव की विशेष पूजन अर्चन का दौर शुरू हो गया। अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवमंदिरों में बड़ी संख्या में शिवभक्तों व कांवरियों ने पहुंचकर न सिर्फ विशेष पूजन अर्चन किया, बल्कि जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया। अकबरपुर नगर, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पवित्र धार्मिकस्थालों से पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों के बम भोले व हर हर महादेव के उद्घोष से समूचा माहौल न सिर्फ भक्तिमय हो गया। नगर से सटे पवित्र शिवबाबा में न सिर्फ अकबरपुर नगर, बल्कि इर्दगिर्द क्षेत्र से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन किया। मीरानपुर मोहल्ला स्थित शिवमंदिर, पंडाटोला स्थित शिवालय में भी पूरे दिन पूजन-अर्चन का दौर चला।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार श्री तामेश्वरनाथ महादेव डुहिया, श्री झारखंडनाथ महादेव छज्जापुर, श्री नर्वदेश्वर महादेव मंदिर कस्बा कोइराना, श्री नागेश्वरनाथ महादेव चौक, श्री उदासीन आश्रम सहित सभी छोटे बड़े शिवालयों व शिवमंदिरों पर भोर से ही भक्तों की भीड़ पूजन अर्चन के लिए उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सरयू नदी में स्नान कर भगवान भोले शिव को दूध, दही, मधू, अक्षत, रोली, चंदन, अबीर, गुलाल, भांग, धतूरा, बेलपत्र, पान सुपाड़ी, गुड़, मेवा, पुष्प, फल आदि अर्पित कर धूप दीप कर विधि विधानपूर्वक अभिषेक किया। इसके अलावा जलालपुर, आलापुर व भीटी तहसील क्षेत्रों में स्थित शिवमंदिरों व शिवालयों में भी पूरे दिन पूजन अर्चन व जलाभिषेक का दौर चलता रहा। उधर शिवमंदिरों में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं व कांवरियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे थे। न सिर्फ शिवमंदिरों व शिवालयों के इर्दगिर्द पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर भी सादे ड्रेस में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।