अंबेडकरनगर। जिले में बाढ़ प्रभावित और मुख्यालय से दूर स्थित 150 चिन्हित विद्यालयों की अब विशेष निगरानी की जाएगी। बरसात और बाढ़ से इन विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ पेयजल, शौचालय, बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं के प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सोमवार को जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति/निपुण टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक में बाढ़ प्रभावित विद्यालयों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में स्थित चिह्नित 150 विद्यालयों का संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी नियमित निरीक्षण करें। विद्यालयों में उपलब्ध सभी आधारभूत सुविधाएं व्यवस्थित और क्रियाशील रहें, यह सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का प्रभावी उपयोग होना चाहिए। विद्यार्थियों को बेहतर और सुगम शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षण व्यवस्था की निगरानी के साथ विद्यालयों की मूलभूत जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाए।
उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने और विभागीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बाढ़ की स्थिति में विद्यालयों की सुरक्षा, पहुंच और शैक्षणिक व्यवस्था पर तत्काल ध्यान देने को कहा, ताकि प्रतिकूल मौसम में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। बैठक में बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।