बिना अनुमति नहीं हो सकेगा डीजे का प्रयोग : एसपी
अंबेडकरनगर। कांवरियों के जुलूस में बिना डीएम की अनुमति के डीजे का प्रयोग नहीं हो सकेगा। उनकी सुरक्षा को लेकर आवश्यक रोडमैप अभी से तैयार कर लिए जाएं। कांवर यात्रा के मार्ग पर खुले में मांस की बिक्री न करने की दी जाए। इसके लिए दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश समय रहते जारी किया जाएं। ये बातें शनिवार को पुलिस लाइंस में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कही।
गौरतलब है कि सावन के पहले सोमवार से जिले के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक का दौर प्रारंभ हो जाएगा। कांवरियों को कोई समस्या न हो, इसके लिए शनिवार को हुई अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सुधीर सिंह ने विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। कहा कि कांवर यात्रा के दौरान डीजे का प्रयोग एकदम न करने दिया जाएगा। इसके लिए डीएम की अनुमति लेनी होगी। यदि कोई बिना अनुमति डीजे का प्रयोग करता मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी। कांवर यात्रा में ठहराव के स्थानों को चिह्नित किया जाए। वहां आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। सुरक्षा के लिए इन स्थानों पर पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाए। कहा कि कांवर यात्रा के मार्ग पर स्थित मांस व मछली की दुकानों पर खुले में बिक्री पर अंकुश लगाया जाए। इसके लिए दुकान के आगे पर्दा लगाने का निर्देश दिया जाए। एसपी ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए न सिर्फ रात्रि-गश्त को और मजबूत किया जाए बल्कि वांछितों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाए। एनसीआर मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। इस दौरान एएसपी ओमप्रकाश सिंह व सीओ सदर राघवेंद्र मिश्र समेत सभी सर्किल के सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।