जीएसटी से व्यापारियों व आम लोगों को मिलेगा लाभ
अंबेडकरनगर। व्यापारियों को धोखे में नहीं रखा जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकारें व्यापारियों के हक में सदैव ठोस कदम उठा रही हैं। जीएसटी व्यापारी विरोधी नहीं है बल्कि आने वाले समय में इसका व्यापक लाभ व्यापारियों को मिलेगा। ये बातें मंगलवार को अकबरपुर नगर के लोहिया भवन परिसर में जीएसटी को लेकर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री तथा पशुधन, लघु सिंचाई व मत्स्य विभाग मंत्री एसपी बघेल ने कही।
गोष्ठी का शुभारंभ प्रभारी मंत्री एसपी बघेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन कर किया। जीएसटी पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इसे लेकर तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं जो पूरी तरह गलत हैं। जीएसटी से न सिर्फ सामग्रियों पर लगने वाले विभिन्न प्रकार के टैक्स समाप्त हो जाएंगे बल्कि समूचे देश में रेट एक जैसे होंगे। कहा कि व्यापारी जीएसटी का विरोध कर रहे हैं। उन्हें इसे ठीक से समझना होगा। केंद्र व प्रदेश सरकारें व्यापारियों को किसी प्रकार के धोखे में नहीं रखना चाहतीं। दोनों सरकारें सदैव व्यापारियों के हित को लेकर कार्य कर रही हैं। डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि जिले में जीएसटी पूरी तरह से लागू कराया जाएगा। इसे लेकर लोगों में विभिन्न माध्यमों से जागरूकता लाई जाएगी। न सिर्फ रैली निकाली जाएगी बल्कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जीएसटी के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रभारी मंत्री ने लोहिया भवन परिसर में सांसद हरिओम पांडेय व जिला अध्यक्ष शिवनायक वर्मा के साथ पौधरोपण किया। आमजन से आह्वान किया कि पर्यावरण को संतुलित करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं। इस दौरान एसपी सुधीर सिंह, सीडीओ ओपी आर्य, डीआईओएस विनोद सिंह, बीएसए जेएन सिंह व जिला युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।