हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
अन्य दुर्घटनाओं में तीन घायल, वृद्ध ट्रॉमा सेंटर रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
बसखारी। स्थानीय बाजार में शुक्रवार देर रात किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से वृद्ध को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र अकबरपुर के उकरा निवासी गुड्डू (25) शुक्रवार को बारात गया था। घर लौटते समय बसखारी बाजार में एसबीआई बैंक के सामने किसी चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उस समय तेज बारिश हो रही थी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोग जब तक पुलिस को सूचना देते और उसे उपचार के लिए कहीं ले जाते तब उसने दम तोड़ दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना अंतर्गत दोस्तपुर निवासी शिवपूजन (67) पुत्र रामतीरथ को शुक्रवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करने के दौरान जीप ने टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया। वहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, सम्मनपुर थाना अंतर्गत सम्मनपुर निवासी सूर्यमणि का 10 वर्षीय पुत्र शनिवार सुबह बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया, वह साइकिल से बाजार की तरफ जा रहा था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा मालीपुर थाना अंतर्गत मीरपुर गांव निवासिनी अमरावती (70) पत्नी त्रिलोकी शनिवार सुबह गांव के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।