प्रधान की मनमानी से नाराज ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
जलालपुर विकास खंड के रामपुर दुबे गांव से आए लोग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। विकास खंड जलालपुर के रामपुर दुबे गांव के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान पर कोटेदार का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी कई बार शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही आवश्यक कदम नहीं उठाया गया तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
सोमवार सुबह रामपुर दुबे गांव के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। नेतृत्व कर रहीं कोटेदार सुनीता देवी ने कहा कि चुनावी रंजिश में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा उनका आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है। गांव की भोली-भाली जनता को योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा व पैसा देकर उनके विरुद्ध भड़काया जाता है। कहा कि पूरी ईमानदारी के साथ पात्रों को अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा विभिन्न प्रकार से उन्हें परेशान किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधान की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही आवश्यक कदम नहीं उठाया गया तो कलेक्ट्रेट के निकट बेमियादी धरना दिया जाएगा। इस दौरान सुशीला, शांति देवी, रमेशचंद्र, सुधांशु, सुभाषचंद्र व उमेश आदि मौजूद रहे।