मामूली विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर
दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति पिटाई में घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत कटरिया याकूबपुर स्थित कांशीराम आवास में रविवार देर शाम मामूली विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। लाठी-डंडों के अलावा एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार देर शाम कांशीराम आवास में रह रहे पप्पू पांडेय व रामनरेश पांडेय के बीच पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में तो मामला निपट गया लेकिन देर रात एक बार फिर से दोनों पक्ष भिड़ गए। लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने के साथ ही धारदार हथियार का भी प्रयोग हुआ। इसी बीच किसी ने रामनरेश पांडेय पर चाकू से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे पक्ष की तरफ से पिटाई में पप्पू पांडेय को चोटें आईं हैं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एसओ रामलखन पटेल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही घायल पप्पू पांडेय व रामनरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रामनरेश की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।