18 नमूने मिले अधोमानक, नोटिस जारी
संतोषजनक जवाब न मिलने पर कोर्ट में दायर होगा वाद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा गत दिवस छापेमारी कर लिए गए नमूनों में से 18 नमूने जांच के बाद अधोमानक पाए गए। इस पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित के विरुद्ध न्याय निर्णायक/एडीएम न्यायालय म किया जाएगा।
मुख्य खाद्य निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि बीते दिनों छापेमारी कर अकबरपुर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों से मिलावट के संदेह में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। गत दिवस जांच रिपोर्ट आने पर 18 नमूने अधोमानक पाए गए। इस पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध न्याय निर्णायक/एडीएम न्यायालय में वाद दायर कराया जाएगा। बताया कि चनवा चौराहा स्थित हरगेन यादव की मिठाई की दुकान से दूध, खासपुर टांडा स्थित मंशाराम की मिठाई की दुकान से छेना, शहजादपुर स्थित अंकुर यादव की डेरी से दूध, पटेलनगर तिराहा स्थित मोहम्मद कादिर खान की किराने की दुकान से नमकीन, शहजादपुर अब्दुल्लापुर स्थित शमशाद खान की चाय की दुकान से दूध, अब्दुल्लाहपुर स्थित रामकुमार की चाय की दुकान से दूध, न्यौतरिया स्थित संदीप कुमार की डेरी से क्रीम, सकरावल स्थित गुड्डू यादव दूधिया से दूध, कश्मीरिया टांडा स्थित रूदल यादव की मिठाई की दुकान से बर्फी, कश्मीरिया टांडा स्थित श्यामलाल की मिठाई की दुकान से पेड़ा, मिझौड़ा बाजार स्थित जमुनाप्रसाद की चाय की दुकान से दूध, सेनपुर स्थित गुरुप्रसाद की मिठाई की दुकान से छेना, हजपुरा स्थित ओमप्रकाश की चाय की दुकान से दूध, इसी बाजार स्थित न्यू निरंकार साहू मिष्ठान भंडार की दुकान से पेड़ा, दरगाह रसूलपुर स्थित रामसजीवन की मिठाई की दुकान से दूध, बसखारी बाजार स्थित राजेश की मिठाई की दुकान से बर्फी, अन्नावा बाजार स्थित विकास सोनी की मिठाई की दुकान से छेना व मीरानपुर स्थित आनंद कुमार की दुकान से बूंदी का नमूना जांच के बाद अधोमानक पाया गया था।