भूमाफिया पर होगी गुंडा एक्ट व एनएसए की कार्रवाई
एसडीएम की अध्यक्षता में हुई तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
टांडा। भूमाफिया से निपटने के लिए तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को तहसील परिसर में एसडीएम नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफिया का चिह्नांकन कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशानुरूप सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफिया का न सिर्फ चिह्नांकन कराया जाए बल्कि उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट, एनएसए आदि धाराओं में केस दर्ज किया जाए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों से कहा गया कि वे विभाग की भूमि पर भूमाफिया का नाम समेत अन्य जानकारियां अविलंब उपलब्ध कराएं। एसडीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर मड़हा रख लेने, नहर की पटरी पर गुमटी रखने व रास्ते की भूमि पर कब्जा आदि कर लेने वालों के विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। उन्हें भूमाफिया की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा। इस दौरान सीओ वीके श्रीवास्तव, तहसीलदार प्रभाकर त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।